Sunday, February 6, 2011

भारत और पाकिस्तान के बीच बातचीत में उठा समझौता ब्लास्ट का मुद्दा






थिंपू. भारत-पाकिस्तान के विदेश सचिव रविवार को थिंपू में मिले। मुलाकात के दौरान दोनों राजनयिकों ने सावधानी पूर्वक अपना-अपना पक्ष और चिंताएं एक-दूसरे से साझा कीं। दोनों नेताओं के बीच समझौता ब्लास्ट जैसे मुद्दे के अलावा कई मसलों पर बातचीत हुई। विदेश विभाग के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने बताया कि निरुपमा राव और सलमान बशीर के बीच मुलाकात डेढ़ घंटे चली। इसमें दोनों देशों के बीच सकारात्मक बातचीत जारी रखने पर रजामंदी जताई गई। दोनों देशों के विदेश सचिव सार्क सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।पिछले साल जुलाई में हुई विदेश सचिव स्तरीय वार्ता की कड़वाहट को भुलाकर दोनों देशों ने आगे बढऩे की कोशिश की है।

विदेश सचिवों ने वार्ता में इस बात सहमति जताई कि सकारात्मक और अच्छे रिश्ते दोनों देशों के हित में हैं।वार्ता के बाद प्रेस को जारी किए गए साझा बयान में कहा गया है कि अप्रैल 2010 में थिंपू में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों और फिर जुलाई में इस्लामाबाद में विदेश मंत्रियों की मुलाकात में इस बात की सहमति बनी थी कि विदेश सचिव स्तरीय वार्ता को आगे बढ़ाया जाए। इसी के तहत रविवार को दोनों विदेश सचिव मिले। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विष्णु प्रकाश ने कहा कि विदेश सचिवों के बीच कई मुद्दों पर अहम और सीधी बातचीत हुई। उन्होंने आपसी समस्याओं को सुलझाने के लिए बातचीत की प्रक्रिया को जारी रखने और रचनात्मक वार्ता की जरूरत पर बल दिया है। सूत्रों के मुताबिक, दोनों विदेश सचिवों ने इससे पहले शनिवार की रात भी अनौपचारिक बैठक की थी, जिसमें रविवार की बातचीत का खाका तैयार हो गया था।



No comments:

Post a Comment