Sunday, February 6, 2011

अभिनेता चिरंजीवी के नेतृत्व में प्रजाराज्यम पार्टी का कांग्रेस पार्टी में विलय


नई दिल्ली.  आंध्र प्रदेश की क्षेत्रीय पार्टी प्रजा राज्यम का कांग्रेस में विलय हो गया है। पार्टी प्रमुख चिरंजीवी आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिले। इस बैठक में यह निर्णय लिया गया।

बैठक के बाद चिरंजीवी ने इस बात की पुष्टि की कि उन्होंने अपनी पार्टी के कांग्रेस में विलय होने का निर्णय ले लिया है। उन्होंने कहा कि आज वे सोनिया गांधी से मिले, जिसके बाद यह फैसला किया।   

आंध्र प्रदेश में कांग्रेस कुछ समय से दिक्कत में है। कुछ समय पहले पार्टी से इस्तीफा देकर बाहर निकले वाईएस जगनमोहन रेड्डी पार्टी के लिए खतरा है क्योंकि पार्टी के करीब दो दर्जन विधायक उनके साथ है। आंध्र प्रदेश विधानसभा में प्रजा राज्यम पार्टी के 18 विधायक हैं।

आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राज शेखर रेड्डी के बेटे जगन मोहन रेड्डी ने कुछ समय पहले गोदावरी के पानी के बंटवारे के मुद्दे पर दिल्ली में धरना दिया था और बड़ी संख्या में कांग्रेस के विधायकों ने उन्हें समर्थन दिया था। जगन मोहन रेड्डी कह चुके हैं कि आंध्र प्रदेश की कांग्रेस सरकार उनके समर्थकों के कारण टिकी हुई है। इसके बाद कांग्रेस ने चिरंजीवी को अपने खेमे में लाने की कोशिश की, जो सफल रही।

रक्षा मंत्री एके एंटोनी ने हैदराबाद में चिरंजीवी से मुलाकात की और उन्हें सोनिया गांधी से मिलने का आमंत्रण दिया था, इसके बाद आज दोनों नेताओं की मुलाकात हुई।

No comments:

Post a Comment