Thursday, February 17, 2011

राहत से 11 घंटे हुई पूछताछ, माधुरी-मलाइका को नोटिस

नई दिल्ली. विदेशी मुद्रा की तस्‍करी के विवाद में फंसे मशहूर पाकिस्‍तानी गायक राहत फतेह अली खान से 11 घंटे पूछताछ हुई है। वह राजस्व गुप्तचर निदेशालय (डीआरआई) के सामने गुरुवार को पेश हुए। इस बीच पाकिस्‍तानी गायक के मैनेजर की डायरी में नाम आने के बाद बॉलीवुड अभिनेत्रियों माधुरी दीक्षित और मलाइका अरोड़ा खान को नोटिस जारी किया गया है।

फतेह अली खान को उनके सहयोगी मारूफ और चित्रेश श्रीवास्तव सहित 13 फरवरी को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर हिरासत में ले लिया गया था। डायक्टरेट आफ रिवेन्यू इंटेलीजेंस (डीआरआई) ने उन्हें विदेशी मुद्रा की तस्करी के प्रयास के आरोप में हिरासत में लिया था। राहत फतेह अली खान अपने 20 सहयोगियों के साथ दुबई जा रहे थे। उनके कब्जे से डीआरआई ने 1,15,000 अमेरिकी डॉलर बरामद किए थे।

एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, सूफी गायक राहत फतेह अली खान अजमेर में आयोजित एक समारोह में भाग लेने के लिए भारत आए हुए थे। कार्यक्रम में भाग लेने के उपरांत वे दुबई जाने के लिए रविवार शाम इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे वाले थे। इसी बीच डीआरआई की टीम को सूचना मिली कि वह भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा लेकर विदेश जाने की कोशिश में हैं।

प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग भी इस बीच डीआरआई से संपर्क कर राहत के पास से मिली विदेशी मुद्रा के स्त्रोत के बारे में जानकारी लेंगे। आधिकारिक सूत्रों को बताया कि प्रवर्तन निदेशालय ईवेंट मैनेजरों को भी फॉरेन एक्सचेंज मैनेजमेंट एक्ट (फेमा) के तहत समन जारी करेगा यह जानने के लिए उनके पास वो विदेशी मुद्रा कहां से आई जो कि गायक को दी गई। साथ ही निदेशालय इस बात की भी जांच करेगा कि विदेशी मुद्रा में गायक को पेमेंट करने के लिए ईवेंट मैनेजरों ने पहले अनुमति ली थी या नहीं।

आयकर विभाग ईवेंट मैनेजर चित्रेश श्रीवास्तव के पास से मिली डायरी की जांच करेगा जिसमें माधुरी दीक्षित जैसे बॉलीवुड हस्तियों के नाम भी थे। डीआरआई ने उनकी मुंबई स्थित इवेंट मैनेजमेंट कंपनी ‘आईलाइन टेलीफिल्म एंड इवेंट’ पर भी छापा मारा और उनके दफ्तर से 51 लाख रुपए जब्त किए थे। अधिकारी इन रुपयों का हिसाब जानना चाहते हैं।

रविवार को हिरासत में लिए जाने के बाद राहत को सोमवार शाम को रिहा कर दिया गया था पर उनका पासपोर्ट जब्त कर लिया गया था।

No comments:

Post a Comment