Thursday, February 17, 2011

ब्रायन का शो कैंसल, पैसे वापस मिलेंगे

वस ॥ नई दिल्ली : आखिरकार तमाम कोशिशों के बावजूद रॉक स्टार ब्रायन एडम्स का शो री-शेड्यूल नहीं हो पाया। अब आयोजकों ने यह तय किया है कि जिन लोगों ने शो के महंगे टिकट खरीदे थे, उन्हें पूरे पैसे वापस किए जाएंगे। साथ ही आयोजकों ने यह भी दावा किया है कि ब्रायन को अपने फैंस की भावनाओं का बखूबी एहसास है और वह इसी साल फिर से इंडिया आएंगे और शो करेंगे।
कंसर्ट आयोजित करवा रही कंपनी नेटसर्फ एंटरटेनमेंट के मैनेजिंग डायरेक्टर सुजीत जैन ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि 20 फरवरी को किसी अन्य जगह पर ब्रायन का शो फिर से आयोजित कराने की कोशिश की जा रही थीं, लेकिन विभिन्न कारणों के चलते ऐसा संभव नहीं हो पाया। इस दौरान ब्रायन का भी व्यस्त कार्यक्रम है। 19 फरवरी को काठमांडू में और फिर 21 फरवरी को लंदन में उनके कंसर्ट हैं। ऐसे में जिन लोगों ने ब्रायन के दिल्ली कंसर्ट के टिकट खरीदे थे, उन्हें टिकट की पूरी रकम वापस की जाएगी। कंसर्ट के ऑनलाइन टिकटिंग पार्टनर www.kyazoonga.com ने भी अपनी वेबसाइट पर लिखा कि टिकट रिफंड करने की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी इस हफ्ते के अंत तक दे दी जाएगी।
गौरतलब है कि मंगलवार को ओखला स्थित एनएसआईसी ग्राउंड पर ब्रायन का कंसर्ट आयोजित होने वाला था, लेकिन पुलिस ने इसके लिए एनओसी देने से इनकार कर दिया था जिसके चलते आयोजकों को कंसर्ट कैंसल करना पड़ा था।

No comments:

Post a Comment