Tuesday, February 22, 2011

पता नहीं, देश की ‘सुरक्षा को खतरा’ है 2जी घोटाला


नई दिल्ली. सीबीआई को इस बात की जानकारी नहीं है कि 2जी स्पेक्ट्रम घोटाले से ‘राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा’ है या नहीं। मंगलवार को जांच एजेंसी ने अदालत में इस बात को माना है।

विशेष जज प्रदीप चड्ढा की अदालत में सीबीआई की ओर से कहा गया, ‘हम (सीबीआई) इस घोटाले से जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा के पहलुओं के बारे में नहीं जानते। इस संबंध में सुब्रमण्यम स्वामी ने जो शिकायत दर्ज कराई है, उसकी प्रति हमारे पास नहीं है। हमने जो केस रजिस्टर किया है उसी के तहत जांच की जा रही है।’ अदालत ने स्वामी की याचिका पर सीबीआई को 5 फरवरी को नोटिस जारी किया था। इसमें घोटाले के संबंध में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं सहित सभी मसलों पर विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट पेश करने को कहा गया था।

राष्ट्रीय सुरक्षा के पहलू भी खंगालें: 
सीबीआई से जज ने कहा कि जांच एजेंसी को याचिकाकर्ता द्वारा उठाए गए मसलों पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘यह पता लगाना आपका (सीबीआई) काम है कि 2जी घोटाले से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे का कोई पहलू तो नहीं जुड़ा है।’ मामले में अगली सुनवाई 8 मार्च को होगी।

याचिका में खतरे का अंदेशा:
स्वामी ने अपनी याचिका में बताया है, ‘2जी लाइसेंस हासिल करने वाली स्वान टेलीकॉम और यूनीटेक वायरलेस ने अपनी हिस्सेदारी विदेशी कंपनियों इत्तिस्लात और टेलीनोर को बेची है। इन दोनों कंपनियों का संपर्क पाकिस्तान से भी हैं। इनको लेकर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राष्ट्रीय सुरक्षा संबंधी चिंताएं जताई थीं।’

सभी मामले जोड़ने का सुझाव:
सीबीआई ने स्टेटस रिपोर्ट में सुझाव दिया है, ‘राजा और अन्य सह आरोपियों पर इस मामले में पहले ही सीबीआई के विशेष पटियाला हाउस कोर्ट में मामला चल रहा है। लिहाजा, सभी मामलों को आपस में जोड़ दिया जाना चाहिए।’ स्वामी ने भी कहा कि वे सुप्रीम कोर्ट में सभी मामलों को जोड़ने की अपील करेंगे।
  
राजा के सहयोगी बाशा से पूछताछ
सीबीआई ने 2जी मामले में गिरफ्तार पूर्व दूरसंचार मंत्री ए. राजा के व्यावसायिक सहयोगी सादिक बाशा से मंगलवार को पूछताछ की। चेन्नई स्थित ग्रीन हाउस एक्सपोर्ट्स के मालिक बाशा पर आरोप है कि उन्होंने राजा तथा उनके भाई के साथ इस प्रकरण में लिए गए रिश्वत के पैसे को इधर-उधर करने में भूमिका निभाई थी।

बाशा की कंपनी के लेन-देन की जांच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) भी कर रहा है। बाशा का संबंध इस मामले में गिरफ्तार डीबी रियल्टी के प्रबंध निदेशक शाहिद बलवा से भी है।

No comments:

Post a Comment