Thursday, February 24, 2011

चांदी में निवेश पर है खूब चांदी

अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेजी का रुख रहने से चांदी और सोने के भाव गुरुवार को दिल्ली सराफा बाजार में भी नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए। चांदी में 1,200 रुपये की जोरदार तेजी के बूते भाव 50,500 रुपये प्रति किलो के सर्वकालिक उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। इसी तरह सोने का भाव भी 420 रुपये की खासी तेजी दर्शाते हुए 21,240 रुपये प्रति दस ग्राम की ऐतिहासिक ऊंचाई को छू गया। यही नहीं, घरेलू बाजार में 1 जनवरी 2010 से अभी तक चांदी की कीमतों में 85.32 फीसदी और सोने की कीमतों में 25 फीसदी की जबरदस्त तेजी आ चुकी है। इस तरह रिटर्न के लिहाज से चांदी में निवेश अब सोने से भी ज्यादा आकर्षक हो गया है।

दिल्ली बुलियन वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष वी के गोयल ने बताया कि उत्तरी अफ्रीका और पश्चिमी एशिया के देशों में राजनीतिक संकट बढऩे के साथ-साथ लीबिया में क्रूड ऑयल का उत्पादन घटने से निवेशकों में घबराहट का माहौल है। क्रूड ऑयल के दाम बढऩे और वित्तीय बाजारों के ढहने से निवेशकों ने बेशकीमती धातुओं में निवेश बढ़ा दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को चांदी 33.28 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करते देखी गई। चालू महीने में अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी की कीमतों में 18.4 फीसदी की तेजी आ चुकी है। पहली फरवरी को विदेशी बाजार में चांदी का भाव 28.10 डॉलर प्रति औंस था। एंजेल कमोडिटी के बुलियन विश्लेषक अनुज गुप्ता ने बताया कि सोने का भाव बढ़कर अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को 1,413 डॉलर प्रति औंस हो गया।

चालू महीने में इसकी कीमतों में करीब 73 डॉलर प्रति औंस की तेजी आ चुकी है। एक फरवरी को सोने का भाव 1,340 डॉलर प्रति औंस था। निवेशकों को सोने और चांदी में निवेश सुरक्षित लग रहा है, इसलिए बाजार में इनकी खरीदारी ज्यादा बनी हुई है। उधर, दिल्ली सराफा बाजार में 1 जनवरी 2010 को चांदी का भाव 27,250 रुपये प्रति किलो था, जबकि गुरुवार को भाव बढ़कर 50,500 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गया। इसी तरह 1 जनवरी 2010 को सोने का भाव 16,990 रुपये प्रति दस ग्राम था जो गुरुवार को बढ़कर 21,240 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया।

No comments:

Post a Comment