Wednesday, February 9, 2011

'काश कैटरीना बन जाए मेरी वेलेंटाइन'

अभिनेत्री कैटरीना कैफ और अभिनेता रणबीर कपूर बॉलीवुड के ऐसे कलाकारों की सूची में शीर्ष पर हैं, जिनके साथ सबसे ज्यादा लोग वेलेंटाइन डे गुजारना चाहते हैं। फिल्म पोर्टल द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में यह खुलासा हुआ है। इसी सर्वेक्षण में शाहिद कपूर सबसे आकर्षक अभिनेता चुने गए।





सर्वेक्षण में रणबीर को महिला प्रशंसकों के 39.4 प्रतिशत वोट मिले हैं जबकि शाहिद उनसे थोड़ा पीछे हैं और उन्हें 37.7 प्रतिशत वोट मिले हैं। कुछ दिन पहले ही अपनी बचपन की मित्र अवंतिका मलिक संग विवाह रचाने वाले अभिनेता इमरान खान 15.9 प्रतिशत वोटों के साथ सूची में तीसरे स्थान पर हैं। सबसे कम वोट 'बैंड बाजा बारात' के अभिनेता रणबीर सिंह और अभय देओल को मिले हैं। रणबीर सिंह 4.5 प्रतिशत वोटों के साथ चौथे व अभय 2.5 प्रतिशत वोटों के साथ पांचवे स्थान पर हैं।



अभिनेत्रियों की बात की जाए तो कैटरीना के साथ सबसे ज्यादा पुरुष समय गुजारना चाहते हैं। उन्हें 35.6 प्रतिशत वोट मिले हैं। दूसरे स्थान पर 22.4 प्रतिशत वोटों के साथ अभिनेत्री दीपिका पादुकोण हैं। अनुष्का शर्मा को 17.5, सोनम कपूर को 12.4 और करीना कपूर को 12.1 प्रतिशत वोट मिले हैं।



फिल्म पोर्टल के सह-संस्थापक ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है, "हमने इस आधार पर यह सर्वेक्षण किया है कि हमारे फिल्मी प्रशंसक अपने किस पसंदीदा अभिनेता या अभिनेत्री के साथ वेलेन्टाइन डे मनाना चाहते हैं।"



सर्वेक्षण में दिल्ली, बेंगलुरू, मुम्बई, कोलकाता और चेन्नई से 2,500 से ज्यादा प्रतिभागी शामिल हुए थे।



प्रतिभागियों से बॉलीवुड के सबसे आकर्षक अभिनेता के विषय में भी पूछा गया था, जहां जॉन अब्राहम, शाहरुख खान, ऋतिक रोशन और सलमान खान जैसे अभिनेताओं को पीछे छोड़ शाहिद को सर्वोच्च स्थान मिला।

No comments:

Post a Comment