Sunday, February 13, 2011

बारिश ने फिर बढ़ाई सर्दी

लुधियाना। रविवार की सुबह हुई बारिश ने मौसम में एकदम बदलाव ला दिया। दिन भर हुई हल्की बारिश से तापमान में गिरावट आई। बादलों के कारण न्यूनतम तापमान अधिक रहा लेकिन अधिकतम तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। रविवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

शनिवार की अपेक्षा रविवार को ऊपरी तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट रही। आने वाले कुछ दिन तक ऐसे ही बादल छाने और हल्की से दरमियानी बारिश होने की उम्मीद मौसम माहिर जता रहे हैं। बारिश की वजह पश्चिमी चक्रवात का असर बताया जाता है। पंजाब एवं इसके साथ लगते इलाकों में कहीं-कहीं तेज बारिश और ओले गिरने की संभावना भी बनी हुई है। मौसम माहिरों के अनुसार इस बार फरवरी में सामान्य बारिश होने की संभावना है।

पिछले साल बारिश सामान्य के नजदीक रही लेकिन वर्ष 2008 और 2009 में फरवरी लगभग सूखी ही गई थी। मौसम माहिरों के अनुसार इस समय हुई बारिश फसलों के लिए भी काफी लाभदायक है। फरवरी में सामान्य बारिश 29.9 मिलीमीटर होती है। अब तक लगभग 10 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है।

No comments:

Post a Comment