Tuesday, February 8, 2011

शेयर बाजार में काला धन: जर्मन बैंक की खातेदार हर महीने लगा रहीं 60-65 लाख!

नई दिल्ली. हाल ही में लिचटेंस्टीन बैंक में काला धन जमा करने वाले जिन 17 लोगों के नामों का खुलासा हुआ है,  उनमें से कई भारत के स्टॉक एक्सचेंज में पैसा लगा रहे हैं। इन 17 लोगों में चार गुजराती हैं। इसमें गुजरात के धुपेलिया परिवार के तीन सदस्यों के नाम सामने आए हैं। इनमें मनोज धुपेलिया, रूपल धुपेलिया और मोहन धुपेलिया शामिल हैं। रूपल धुपेलिया बड़ौदा स्टॉक एक्सचेंज में हर महीने ६०-६५ लाख रुपये की ट्रेडिंग कर रही हैं। हालांकि, यह साफ नहीं है कि इस धन का स्रोत क्या है और क्या यह वाकई काला धन है। मामले की गंभीरतो को देखते हुए बड़ौदा स्टॉक एक्सचेंज ने इसी मुद्दे पर अगली बोर्ड बैठक बुलाई है, जिसमें रूपल धुपेलिया के निवेश पर विचार किया जाएगा।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार ने कुछ दिनों पहले जर्मन बैंक में जमा ब्लैक मनी जमा करने वाले 17 लोगों को सरकार ने नोटिस जारी किया है, लेकिन उनके नाम का खुलासा करने से इनकार कर दिया। वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस बारे में कहा था कि हमें काले धन से जुड़े कुछ व्यक्तियों का पता चला है और उन सभी 17 लोगों को नोटिस भेज दिया गया है। सरकार ने उनके खिलाफ मामला चलाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।वित्त मंत्री अनुसार सरकार जर्मन बैंक में काला धन जमा कराने वालों का नाम उजागर नहीं कर सकती है। इसका इस्तेमाल केवल टैक्स वसूलने संबंधित उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब मामला सुनवाई के लिए अदालत में जाएगा तब हम इस मामले से जुड़ी जानकारियों का खुलासा कर सकेंगे।

इससे पहले भारत सरकार को जर्मनी के लिचटेंस्टीन बैंक में काला धन जमा करने वाले भारतीयों के नाम सौंपे गए थे, उनका खुलासा हो गया है। यह सूची भारत सरकार को 18 मार्च 2008 को सौंपी गई थी, जिसमें 12 ट्रस्ट और 16 व्यक्तियों के नाम हैं।हालांकि सरकार ने ये नाम एक लिफाफे में सुप्रीम कोर्ट में दिए थे, लेकिन इनका सार्वजनिक खुलासा नहीं किया था। सरकार ने अदालत में कहा कि इन नामों का खुलासा नहीं किया जा सकता। यह पहला मौका है जब जर्मनी के बैंक ऑफ लिचटेंस्टीन में खाता खुलवाने वालों के नाम सामने आए हैं।

तहलका पत्रिका द्वारा किए गए खुलासे के अनुसार जो ट्रस्ट इसमें शामिल हैं वे हैं-अब्रनोवा ट्रस्ट,  मार्लिन मैनेजमेंट साउथ अफ्रीका,  मार्निची ट्रस्ट और सोकालो स्टिफटंग। इन चार खातों में 16 भारतीयों के काले धन की जानकारी मिली है। इन लोगों के कुल 52 करोड़ रुपये बैंक में जमा हैं।इन व्यक्तियों में मनोज धुपेलिया, रूपल धुपेलिया, अंबरीश धुपेलिया, भव्या धुपेलिया, मनोज धुपेलिया, अंबरीश धुपेलिया, भव्या धुपेलिया, हंसमुख गांधी, ईश्वरलाल गांधी, मधु गांधी, चिंतन गांधी, मिराव गांधी, प्रबोध मेहता, कीर्ति लाल मेहता और रश्मिलाल मेहता शामिल हैं। हालांकि कहा जा रहा है कि ये व्यक्ति केवल मोहरे हैं और इनके पीछे दूसरे प्रभावशाली लोग हैं।

No comments:

Post a Comment