Tuesday, February 8, 2011

एफडी पर एक बार फिर से दस फीसदी का आकर्षक ब्याज

मुंबई | बिना जोखिम के सुरक्षित निवेश करने वाले निवेशकों के लिए खुशखबरी है। फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) पर एक बार फिर से बैंक दस फीसदी का आकर्षक ब्याज देने लगे हैं। अभी ऐसे बैंकों की संख्या बहुत कम है मगर उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में ज्यादातर बैंक इस दर की पेशकश करने लगेंगे। नकदी की समस्या से निपटने के लिए अधिकतर बैंक फिलहाल 9.25-9.5 फीसदी की दर से ब्याज देने लगे हैं। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को आधा फीसदी तक ज्यादा ब्याज दिया जा रहा है। फिलहाल लक्ष्मी विलास बैंक ही है जो एक से दो साल की परिपक्वता अवधि की एफडी पर 10.1 फीसदी का ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह दर 10.25 फीसदी है। जबकि होम लोन देने वाली वित्तीय कंपनी एचडीएफसी अपनी एचडीएफसी प्लैटिनम डिपॉजिट योजना के तहत 9.5 प्रतिशत ब्याज की पेशकश कर रही है। आइसीआइसीआइ बैंक, एचडीएफसी बैंक और भारतीय स्टेट बैंक आम निवेशकों को एफडी पर 9 फीसदी का ब्याज दे रहे हैं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह 9.5 फीसदी है। अन्य बैंकों में पंजाब नेशनल बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, ओरियंटल बैंक ऑफ कॉमर्स, केनरा बैंक और बैंक ऑफ इंडिया ने जमा पर ब्याज दरें बढ़ाकर 9.25 फीसदी कर दी हैं। वहीं, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया ने एफडी पर ब्याज दर बढ़ाकर नौ फीसदी और बैंक ऑफ बड़ौदा ने 9.1 फीसदी कर दी है। इनमें कई बैंक वरिष्ठ नागरिकों को 9.75 फीसदी तक ब्याज दे रहे हैं। सोमवार को आइडीबीआइ बैंक ने भी अपनी जमा दरें 1.25 फीसदी तक बढ़ा दीं। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए शेयर बाजार के मुकाबले एफडी में निवेश करना ज्यादा फायदेमंद है। आने वाले दिनों में महंगाई को काबू में करने के लिए अगर रिजर्व बैंक ब्याज दरों में फिर से बढ़ोतरी करता है तो बैंक एफडी पर और आकर्षक दरों की पेशकश कर सकते हैं। इस बात की पूरी संभावना है। तीन और बैंकों का कर्ज महंगा आरबीआइ द्वारा अपनी नीतिगत दरें बढ़ाए जाने के बाद से वाणिज्यिक बैंकों द्वारा कर्ज पर ब्याज दरें बढ़ाने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। सोमवार को आइडीबीआइ, ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स और डेवलपमेंट क्रेडिट बैंक (डीसीबी) ने बेस रेट और बेंचमार्क प्रधान उधारी दर (बीपीएलआर) में आधा फीसदी तक वृद्धि कर दी। आइडीबीआइ बैंक का बेस रेट आधा फीसदी बढ़कर 9.50 फीसदी और बीपीएलआर चौथाई फीसदी बढ़कर 14 फीसदी हो गया है। वहीं डीसीबी ने अपनी आधार दर 8.5 फीसदी से बढ़ाकर 9 फीसदी कर दी है। साथ ही बैंक ने बीपीएलआर भी आधा फीसदी बढ़ाकर 16.25 फीसदी कर दिया है। ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स ने अपना बेस रेट और बीपीएलआर आधा फीसदी बढ़ाकर क्रमश: 9.5 और 13.75 फीसदी कर दिया है। बढ़ती महंगाई को देखते हुए रिजर्व बैंक द्वारा आगे भी अपनी नीतिगत दरों में वृद्धि की आशंका जताई जा रही

No comments:

Post a Comment