पाकिस्तान के पूर्व कप्तान वसीम अकरम, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और ग्राहम गूच, दक्षिण के धाकड़ बल्लेबाज हर्शल गिब्स और ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर एंड्रयू साइमंड्स इस शुक्रवार को रिलीज होने वाली अक्षय कुमार स्टारर फिल्म पटियाला हाउस में नजर आएंगे.
अक्षय कुमार ने इस फिल्म में वेस्ट लंदन, साउथहॉल के एक युवा क्रिकेटर की भूमिका निभाई है. उसका परिवार मूल रूप से पंजाब का है, लेकिन उसका चार पीढ़ियों से साउथहॉल लंदन में रह रहा है.
फिल्म की कहानी क्रिकेटर बेटे और रूढ़ीवादी पिता के रिश्तों के बारे में है. अक्षय कुमार ने कहा कि मैंने गट्टू का किरदार निभाया है, जो क्रिकेटर बनना चाहता है, लेकिन गट्टू के पिता इसका विरोध करते हैं. अक्षय ने फिल्म में अपने रोल के बारे में बताया कि गट्टू के पिता चाहते हैं कि वह उनकी दुकान संभाले, जबकि वह इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना चाहता है.
फिल्म के निर्देशक निखिल आडवाणी ने कहा कि कहानी में क्रिकेट के बैकग्राउंड पर फेमेली ड्रामा लाने के लिए जरूरी था कि कहानी वास्तविकता के करीब हो और वास्तविकता लाने के लिए जरूरी था कि कुछ क्रिकेटरों को फिल्म में लिया जाए.
पटियाला हाउस की कहानी गुरिंदर चढ्ढा की सन 2002 में रिलीज फिल्म बेंड इट लाइक बैकहम की याद दिलाती है, जो इसी तरह की कहानी पर आधारित थी.
चर्चा है कि फिल्म में वसीम अकरम ने अक्षय कुमार के गेंदबाजी कोच की भूमिका निभाई है और इसकी शूटिंग लंदन के ओवल क्रिकेट ग्राउंड में हुई है. आडवाणी ने कहा कि फिल्म सिर्फ क्रिकेट के बारे में नहीं है, बल्कि इसमें जेनरेशन गैप को भी दिखाया गया है.
क्रिकेट पर आधारित पटियाला हाउस क्रिकेट विश्व कप शुरू होने के एक हफ्ता पहले ही रिलीज हो रही है. भारतीय उपमहाद्वीप में क्रिकेट को लेकर लोग दीवाने हैं और वर्ल्ड कप शुरू होने से ठीक पहले रिलीज होने से फिल्म को बड़ा फायदा हो सकता है. इससे पहले क्रिकेट की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म लगान और इकबाल सफल रही हैं.
रिपोर्टः एजेंसियां/एस खान
संपादनः ईशा भाटिया
No comments:
Post a Comment