Monday, February 7, 2011

नवोदय विद्यालय में फैला पीलिया

पटेहरा(मीरजापुर) : विकास खंड क्षेत्र में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय के बच्चे इस समय पीलिया रोग की चपेट में है। पेयजल के प्रदूषण से होने वाले इस रोग की चपेट में अधिकांश बच्चे आ चुके हैं। उनमें से अधिकांश अपने घरों को भी जा चुके हैं। विद्यालय प्रशासन ने इस बात से इंकार किया है और कहा है कि आधा दर्जन बच्चों की तबीयत खराब होने की जानकारी होने पर बच्चों की जांच करायी गयी तो मामूली प्रतिशत से पीलिया की शिकायत पायी गयी। इस पर उनका जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। शेष बच्चे परीक्षा की तैयारी व अन्य कारणों से अपने घरों पर गये हैं।
नवोदय विद्यालय में पीने के पानी के लिए हैंडपंप लगे हुए हैं लेकिन शिकायत है कि उनमें से लाल पानी मिलता है। एक बोर है लेकिन वह भी कम पानी दे रहा है। गंदगी की तो भरमार है। इन सबका प्रतिकूल असर बच्चों के स्वास्थ्य पड़ रहा है। वैसे भी पीलिया प्रदूषित पानी के सेवन से ही होता है। इस संबंध में प्रधानाचार्य आर सी त्यागी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी को जानकारी देकर एक नये बोर के लिए कहा है।
बड़ी संख्या में बीमार हैं बच्चे
जवाहर नवोदय विद्यालय में बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हैं। हाईस्कूल के छात्र बजरंग धर दुबे एवं कक्षा 7 के छात्र शेखर सिंह व सत्यम दुबे के परिजनों ने बताया कि वहां बड़ी दयनीय स्थिति है। मंगलवार से गुरुवार तक लगभग 85 बच्चों ने विद्यालय छोड़ दिया है। उन लोगों ने अपने बच्चों को इलाहाबाद व वाराणसी में भर्ती कराया है। बीमार होने वाले अन्य बच्चों में आकाश सिंह, पंकज, तरंग(सभी कक्षा 9), सोनू, अर्जुन, शुभम, शुभम चौधरी, सूर्य प्रसाद मिश्र, संजय मौर्य, विजय यादव, श्याम बहादुर, विनोद कुमार सिंह(सभी कक्षा 10), सुनील बिंद, विनोद भारती (कक्षा 12) शामिल हैं।

No comments:

Post a Comment