Sunday, February 13, 2011

रिलायंस इंडस्ट्रीज पर लग सकता है रिकॉर्ड जुर्माना


मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज मुश्किल में पड़ती दिखाई दे रही है। बाज़ार नियामक सेबी उस पर एक मामले की जांच कर रहा है। यह मामला है इनसाइडर ट्रेडिंग का।अगर यह सिद्ध हो जाता है कि देश की इस सबसे बड़ी प्राइवेट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अपने शेयरों के भावों में हेराफेरी की है या उससे अवैध तरीके से पैसे कमाए हैं तो कंपनी को भारी जुर्माना झेलना पड़ सकता है। सेबी की जांच अभी जारी है और सेबी ने रिलायंस इंडस्ट्रीज की समझौते की पेशकश ठुकरा दी है। कंपनी ने इस बावत दो प्रस्ताव भेजे थे। वह चाहती थी कि वह माफी मांगकर और कुछ जुर्माना देकर बच जाए। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और सेबी की जांच खत्म नहीं हुई।मामला कुछ यूं हैः रिलायंस इंडस्ट्रीज की सहयोगी कंपनियों ने रिलायंस पेट्रोलियम के 4 प्रतिशत शेयर बेचकर 500 करोड़ रुपए कमा लिये। सेबी के नियमों के मुताबिक ऐसा करना गलत था। अब रिलायंस इंडस्ट्रीज पर इसका तिगुना यानी 1500 करोड़ रुपए जुर्माना लग सकता है। अब तक किसी कंपनी पर सेबी ने इतना जुर्माना नहीं लगाया था। अब तक का सबसे बड़ा जुर्माना गोदरेज कंज्यूमर प्रॉडक्ट्स ने दिया है और वह रकम थी 1267.88 करोड़ रुपए।


रिलायंस चाहती है कि वह थोड़ा बहुत जुर्माना देकर यह मामला सुलझा दे। इसलिए उसने इस आशय का प्रस्ताव भेजा है। लेकिन सेबी इसे मानने को तैयार नहीं है। अब अगर सेबी अपने नियमों को मानती है तो वह भारी जुर्माना लगाएगी जो रिकॉर्ड बन सकता है।

No comments:

Post a Comment