Wednesday, February 9, 2011

‘मुन्नी’ और ‘शीला’ खा गई सात सरकारी कर्मियों की नौकरियां

मुन्नी’ और ‘शीला’ के चक्कर में उप्र के स्वास्थ्य महकमें के सात कर्मचारियों को आज अपनी नौकरी से हाथ धोना पडा. निलम्बित किये इन अधिकारियों का दोष सिर्फ इतना था कि यह लोग ‘‘मुन्नी बदनाम हुई’’ और ‘‘शीला की जवानी’’ गाने पर शराब पीकर स्वास्थ्य महानिदेशल के कार्यालय में झूम रहे थें इन सभी कर्मचारियों को राज्य सरकार ने निलम्बित कर दिया है और कहा है की यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई शिकायत मिलती है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
इन सभी कर्मचारियों के नौकरी गंवाने के पीछे कारण यह था कि गत दिवस चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मिनिस्टीरियल एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान डांस कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें बार बालाओं के साथ शराब की बोतलों का भी खूब इंतजाम था. विजय के मद में चूर पदाधिकारियों के साथ इस आयोजन में बड़ी संख्या में अन्य कर्मचारी भी शामिल थे. लगभग तीन बजे यहां शराब और बार बालाओं के अश्लील नृत्य का सिलसिला शुरू हुआ. जो लगभग दो घंटे चला. यह कार्यक्रम कुछेक महिला कर्मचारियों को नागवार गुजरा. तो उन्होंने इसकी जानकारी परिवार कल्याण महानिदेशक डॉ.एसपी राम को दे दी.

इस कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किये गये दुराचरण की घटना प्रकाश में आते ही महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य द्वारा निदेशक प्रशिक्षण डा. शोभनाथ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जॉच समिति गठित की गई थी इस समिति की प्राथमिक जॉच आख्या के आधार पर प्रथम दृष्टया संलिप्त पाये गए कर्मचारियों और अधिकारियों के विरूद्ध कर्मचारी, अधिकारी आचरण सेवा नियमावली के तहत अनुशासनात्मक कार्यवाही शुरू करते हुए निलंबित कर दिया और निलंबन से संबंधित आदेश आज जारी कर दिये गये हैं. इसके साथ ही यह भी निर्देश दिये गये है कि प्रदेश में इस प्रकार के आयोजनों के दौरान अमर्यादित आचरण की पुनरावृत्ति न होने पाये. यदि भविष्य में इस प्रकार की कोई शिकायत मिलती है तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी

निलंबित अधिकारियों एवं कर्मचारियों में डा रामजी लाल निदेशक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, डा. आर.बी. सिंह, अपर निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, डा रमेश चन्द्र संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवायें, सुधीर कुमार चतुर्वेदी तथा जयवीर प्रसाद गौतम वरिष्ठ सहायक, हनुमान प्रसाद कनिष्ठ लिपिक तथा विनोद कुमार चतुर्थ श्रेणी शामिल हैं. चुनाव में जयवीर प्रसाद गौतम को संघ का अध्यक्ष, हनुमान प्रसाद को महामंत्री, सुदामा राम व सुरेश यादव को उपाध्यक्ष, संजय कुमार व आरएस यादव को संयुक्त मंत्री और जितेन्द्र गुप्ता को कोषाध्यक्ष चुना गया था

No comments:

Post a Comment