Wednesday, February 2, 2011

भ्रष्ट जोशी दंपती की संपत्ति कुर्क


भोपाल/इंदौर. 350 करोड़ की अकूत संपत्ति के मालिक निलंबित आईएएस दंपती अरविंद-टीनू जोशी के खिलाफ अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी प्रकरण दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर,आयकर विभाग ने आयकर अधिनियम की धारा 281(बी) का उपयोग करते हुए जोशी दंपती की सारी संपत्ति और सभी 77 बैंक खातों को अस्थायी तौर पर कुर्क कर लिया है।

अब ईडी भी उनकी संपत्ति की कुर्की की कार्रवाई करेगा। उधर इंदौर के भूमाफिया बॉबी छाबड़ा के खिलाफ भी ईडी ने केस दर्ज कर लिया है।

लोकायुक्त विशेष पुलिस द्वारा दर्ज शिकायत और आयकर विभाग की अप्रैजल रिपोर्ट के आधार पर ईडी ने दोनों के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लांडरिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। इसमें दोषी पाए जाने पर सात साल के सश्रम कारावास के साथ संपत्ति कुर्क करने का भी प्रावधान है।

क्या है मामला

पिछले साल फरवरी में आयकर छापे में तीन करोड़ रुपए नकद बरामद होने के बाद अरविंद और टीनू जोशी चर्चा में आए थे। प्रमुख सचिव स्तर के इन आईएएस अधिकारियों को मध्यप्रदेश सरकार ने निलंबित कर दिया था। दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आयकर विभाग की अप्रैजल रिपोर्ट में जोशी दंपती को 350 करोड़ से अधिक बेनामी संपत्ति का मालिक बताया गया था। विभाग ने अपनी यह रिपोर्ट लोकायुक्त पुलिस में दर्ज एफआईआर के साथ प्रवर्तन निदेशालय को भेजी थी। निदेशालय के इंदौर कार्यालय ने इसी आधार पर दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

बॉबी पर भी ईडी का शिकंजा

आठ महीने से जेल में बंद भू-माफिया बॉबी छाबड़ा के खिलाफ भी कर्मचारीगण गृह निर्माण संस्था के पैसे में घपला करने पर ईडी ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। बॉबी के खिलाफ संस्था के पूर्व प्रभारी अधिकारी सुरेंद्र जैन ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई थी। इसके आधार पर पुलिस ने 7 दिसंबर को 10 लोगों के खिलाफ तुकोगंज थाने में मामला दर्ज किया था।

पुलिस के केस के आधार पर ईडी ने कार्रवाई करते हुए बॉबी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। प्रकरण दर्ज होते ही संस्था के खाते से 30 लाख से ज्यादा रकम पाने वाले दो लोगों के खिलाफ ईडी ने जांच भी शुरू कर दी है।


No comments:

Post a Comment