चंडीगढ़. पंजाब यूनिवर्सिटी के डॉ. एचएस जज इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेस एंड कॉलेज में लगातार दूसरे दिन छात्रों की नेतागिरी छाई रही। मंगलवार को डेंटल इंटर्न छात्रा प्रियंका की टी शर्ट पर ‘आई लव यू’ लिखा देख डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. के. गाबा ने कॉलेज में ऐसे कपड़े पहनने से परहेज की हिदायत दी। इस पर छात्रों ने हंगामा खड़ा कर दिया।
इंटर्न प्रियंका का आरोप था कि डॉ. गाबा ने गलत तरीके से टिप्पणी की। कुछ देर में प्रियंका के माता-पिता भी कॉलेज पहुंच गए और विवाद बढ़ गया। पेरेंट्स की डीएसडब्ल्यू प्रो. नवल किशोर और कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल के साथ मीटिंग हुई। लेकिन कोई हल नहीं निकला। इसके बाद पेरेंट्स वापस चले गए, लेकिन पुसू के एक खेमे की अगुवाई में छात्र डटे रहे।
छात्रा के समर्थन में सारे इंटर्न भी करीब 12 बजे क्लासों का बायकॉट करके बाहर आ गए। इन छात्रों ने लंच के बाद क्लीनिकल लैब का दरवाजा बंद कर दिया। इस वजह से ओपीडी का काम भी बंद हो गया। डेंटल कॉलेज प्रबंधन को पुलिस बुलाकर स्थिति को नियंत्रण में लेना पड़ा। स्टूडेंट शाम पांच बजे तक कॉलेज के बाहर जमे रहे।
दो घंटे पहले बंद की ओपीडी
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने दो बजे के बाद ओपीडी बंद कर दी। मरीज अंदर नहीं जा सके। आमतौर पर डेंटल कॉलेज में रोजाना 200 मरीज ओपीडी में आते हैं। लेकिन मंगलवार को 100 मरीज ही ओपीडी में चेकअप के लिए आ सके। पुलिस के आने के बाद ही ओपीडी का दरवाजा खुला। प्रदर्शनकारी छात्रों ने कोर्ट द्वारा मेडिकल सर्विस को बिना नोटिस के प्रभावित करने के आदेशों का उल्लंघन किया है।
प्रदर्शनकारियों के बीच प्रो. सोबती की बेटी
डेंटल कॉलेज की ओपीडी के गेट पर बैठे पर प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ प्रो. सोबती की बेटी आस्था सोबती भी नजर आईं। आस्था डेंटल कॉलेज की स्टूडेंट हैं।
मर्यादा तो जरूरी
डेंटल कॉलेज के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. के. गाबा का कहना है, डॉक्टरी पेशे से जुड़े संस्थान में थोड़ा अनुशासन जरूरी है। इस छात्रा को सिर्फ क्लास में टी शर्ट पर आई लव यू जैसे शब्दों वाले कपड़े पहनने से परहेज करने को कहा था। उस वक्त अन्य टीचर भी वहां मौजूद थे। पिछले कई दिनों से चल रहे विवाद के बाद अब छात्रों ने यह नया तरीका निकाला है। डीएसडब्ल्यू, प्रो. नवल किशोर ने कहना है कि यदि छात्रा को क्लास में कुछ डीसेंट कपड़े पहनने की सलाह दी गई तो अनुशासन के दायरे की बात है। डॉक्टरी जैसे पेशे में शालीनता जरूरी है।
आज भी जारी रहेगा विरोध
डेंटल कॉलेज में छात्रों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रहेगी। छात्रों का कहना है कि जब तक विवाद नहीं सुलझता तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
बाधित हो सकती है ओपीडी
डेंटल कॉलेज में विवाद की वजह से बुधवार को ओपीडी सेवा बाधित हो सकती है। छात्रों के प्रदर्शन के अलावा फैकल्टी ने भी सुबह बैठक रखी है। इसके बाद ही ओपीडी खोलने पर फैसला होगा।
राजनीति का अड्डा
डेंटल कॉलेज में सोमवार को छात्रों ने समय की पाबंदी के खिलाफ पुसू की अगुवाई में प्रदर्शन किया था। मंगलवार को हंगामे में पुसू, सोपू और एनएसयूआई शामिल हुए।
No comments:
Post a Comment