Sunday, February 6, 2011

पांच कंपनियों को लगा 40,000 करोड़ का झटका


40,695.4  करोड़ रुपये की गिरावट आई शीर्ष 10 में से पांच कंपनियों को
12,409.41 करोड़ की गिरावट के साथ एनटीपीसी का बाजार पूंजीकरण आया 1,48,738.51 करोड़ पर
11,884.95 करोड़ रुपये गिरकर आईटीसी का बाजार पूंजीकरण रहा 1,18,000.58 करोड़ रुपये

मुंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) में पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान सूचीबद्ध कंपनियों में शीर्ष 10 में से आधी कंपनियों के सम्मिलित बाजार पूंजीकरण को 40,000 करोड़ रुपये से ज्यादा का झटका लगा है। सप्ताह के कारोबार के आखिर में इन कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में ४०,६९५.४ करोड़ रुपये की गिरावट आ चुकी थी। इसमें सबसे ज्यादा १२,४०९.४१ करोड़ की गिरावट एनटीपीसी के बाजार पूंजीकरण में देखी गई। सप्ताह के कारोबार के अंत में इस सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी का बाजार पूंजीकरण गिरकर १,४५,७३८.५१ करोड़ रुपये पर आ गया।


बाजार पूंजीकरण में गिरावट की तपिश से दूसरा सबसे बड़ा नुकसान एफएमसीजी दिग्गज आईटीसी को हुआ। पिछले सप्ताह के आखिर में कंपनी का बाजार पूंजीकरण ११,८८४.९५ करोड़ रुपये गिरकर १,१८,०००.५८ करोड़ रुपये रह गया। बाजार पूंजीकरण के लिहाज से आईटी क्षेत्र की दो दिग्गज कंपनियों- टाटा कंसल्टेंसी सॢवसेज (टीसीएस) तथा इंफोसिस टेक्नोलॉजीज ने भी मिलकर १४,०४२.४९ करोड़ रुपये गंवाए।

शुक्रवार को बाजार बंद होते समय टीसीएस का बाजार पूंजीकरण घटकर २,२४,७०६.१३ करोड़ रुपये तथा इंफोसिस टेक्नोलॉजीज का बाजार पूंजीकरण १,७४,८९७.०५ करोड़ रुपये रह गया था। वहीं, निजी क्षेत्र के सबसे बड़े कर्जदाता आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण को भी २,३५८.५१ करोड़ रुपये की चपत लगी। पिछले सप्ताह के कारोबार के दौरान बैंक का बाजार पूंजीकरण घटकर १,१४,४६५.९६ करोड़ रुपये पर आ गया।


इस बीच, बाजार पूंजीकरण में बढ़त दर्ज करने वालों में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) तथा ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) का दबदबा बना रहा। पिछले सप्ताह के कारोबार के बाद ओएनजीसी का बाजार पूंजीकरण ११,६९९.६२ करोड़ रुपये बढ़कर २,५४,५८९.७ करोड़ रुपये पर पहुंच गया।

इसी तरह, बाजार के सबसे बड़े दिग्गज आरआईएल के बाजार पूंजीकरण में १,६३६.५३ करोड़ रुपये बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस बढ़त के साथ कंपनी का बाजार पूंजीकरण बढ़कर ३,००,९५६.९५ करोड़ रुपये पर पहुंच गया। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) ने अपने बाजार पूंजीकरण में २,४३१.८ करोड़ रुपये जोड़े।

देश के सबसे बड़े कर्जदाता भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का बाजार पूंजीकरण १,७८७.४९ करोड़ रुपये बढ़कर १,६८,०६२.८ करोड़ रुपये पर पहुंच गया। टेलिकॉम क्षेत्र की अग्रणी कंपनी भारती एयरटेल ने १,७८४.८३ करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ अपने बाजार पूंजीकरण को १,२६,००१.७१ रुपये पर पहुंचाया।
 सप्ताह के कारोबार के आखिर में शुक्रवार को बीएसई का ३०-शेयरों वाला सेंसेक्स २.१ फीसदी गिरकर १८,००८.१५ अंकों पर था।

No comments:

Post a Comment