नई दिल्ली. डीएमके ए. राजा की मुश्किलें खत्म नहीं हो रही हैं। डीएमके के टीवी चैनल कलैग्नर टीवी में एक निजी कंपनी ने 206 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इस चैनल की मालकिन करुणानिधि की पत्नी और बेटी हैं। शक जताया जा रहा है कि जिस कंपनी ने यह निवेश किया है, उसे 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन में फायदा पहुंचाया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है।
2जी स्पेक्ट्रम आवंटन घोटाले के सिलसिले में गिरफ्तार पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा को उनकी पार्टी डीएमके के समर्थन में खुलकर आ गई है। पार्टी का कहना है कि विपक्षियों ने इस घोटाले को 'तिल का ताड़' बना दिया। डीएमके की जनरल काउंसिल ने ए. राजा को पूरा समर्थन दिया है।
इससे पहले गुरुवार को पूर्व केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ए. राजा और उनके दो सहयोगियों को गुरुवार को 5 दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया गया। सीबीआई की पटियाला हाउस अदालत में राजा, उनके सहयोगी पूर्व दूरसंचार सचिव सिद्धार्थ बेहुरा और पूर्व निजी सचिव आर. के. चंदोलिया को न्यायाधीश ओ. पी. सैनी के समक्ष पेश किया गया। सीबीआई ने राजा और उनके सहयोगियों की पांच दिन की हिरासत की मांग की थी।सीबीआई के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, 'हम अगले 60 दिनों में तीनों आरोपियों के खिलाफ औपचारिक आरोप पत्र भी दायर करेंगे। इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।'
नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (कैग) की रिपोर्ट में 2जी स्पेक्ट्रम आवंटन प्रक्रिया से देश को 58,000 करोड़ से 1.76लाख करोड़ रुपये तक के राजस्व का नुकसान होने का अनुमान व्यक्त किए जाने और राजा पर अनियमितताओं का आरोप लगने के बाद 14 नवम्बर, 2010 को राजा ने पद से इस्तीफा दिया था।
No comments:
Post a Comment