Wednesday, February 9, 2011

मुबारक हैं दुनिया के सबसे रईस व्यक्ति

जी हां संपत्ति के मामले में मिस्र के राष्ट्रपति ने बिल गेट्स और कार्लोस स्लिम को भी पीछे छोड़ दिया है। अगर उनकी कुल संपत्ति की गणना की जाए तो मुबारक की कुल संपत्ति तकरीबन 70 अरब डॉलर बैठती है। जबकि आधिकारिक तौर पर दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मैक्सिकों के व्यवसायी कर्लोस स्लिम हैं जिनकी कुल संपत्ति 53.5 अरब डॉलर है दूसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स हैं जिनकी कुल संपत्ति 53 अरब डॉलर है।

आपको बता दें कि मिस्र तेल और गैस का भी बड़ा उत्पादक देश है और मुबारक पिछले तीस सालों से मिस्र की सत्ता पर काबिज हैं इस दौरान उन्होंने अकूत दौलत इकट्ठी कर ली है।

मिस्र के अलावा मैनहट्टन और लंदन में भी मुबारक के नाम करोड़ों की संपत्ति है। जबकि स्विस बैंक के अलावा दुनिया के कई बड़े बैंकों में मुबारक का काला धन जमा है। अपने तीस वर्षों के शासन काल में मुबारक ने जनता को खूब लूटा और इतनी दौलत इकट्ठा की है।

मिस्र के राष्ट्रपति हुस्नी मुबारक के पास इतनी दौलत है कि वह दुनिया के दस सबसे अमीर लोगों की सूची में आसानी से शामिल हो सकते हैं। लेकिन उन्होंने यह कभी ज़ाहिर नहीं होने दिया।

एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुबारक के पास 40 अरब डॉलर (1825 अरब रुपए) से 70 अरब (3195 अरब रुपए) की दौलत है। उन्होंने मिस्र की वायुसेना में काम करते हुए काफी पैसे कमाए जिसे उन्होंने अपना बिज़नेस बढ़ाने में लगाया। 1981 में राष्ट्रपति बनने के बाद उन्होंने कई तरह का व्यवसाय शुरू किया। उनके कारोबार में उनका पूरा परिवार शामिल था।

एक विश्लेषक का कहना है कि अरब देशों में सत्तारूढ़ लोगों के पास बेशुमार दौलत होना आम बात है। उन्हें ही देखकर मुबारक ने अपना विशाल बिज़नेस खड़ा किया। उन्होंने मिलिट्री और नागरिक सेवा में रहते हुए काफी धन कमाया। उनके शासनकाल में काफी भ्रष्टाचार रहा और अपने फायदे के लिए कायदे कानून बदले गए।

भ्रष्टाचार के खिलाफ काम करने वाली वेबसाइट आईएचएस ग्लोबल इनसाइट के मुताबिक मुबारक ने लंदन, पेरिस, मैड्रिड, दुबई, वाशिंगटन, न्यूयॉर्क और फ्रैंकफुर्त में प्रॉपर्टी खरीद ऱखी है। मिस्र में ही उनके कई आलीशान मकान हैं। वे शान की जिंदगी जीते हैं और हर चीज शानदार रखते हैं।मुबारक कई देशों के लोगों और कंपनियों के साथ साझा कारोबार कर रहे हैं। बताया जाता है कि कई बड़ी कंपनियों में उनके पैसे लगे हुए हैं। उनका व्यवसाय अमेरिका से खाड़ी देशों तक है और यह सब सीक्रेट है। यानी जिन कंपनियों में उनके पैसे लगे हुए हैं वे चुप्पी साधे रहती हैं। मुबारक का अरबों डॉलर का कारोबार उनकी पत्नी और दो बेटे संभालते हैं।

No comments:

Post a Comment