Tuesday, February 1, 2011

आईटीबीपी भर्ती के दौरान हंगामा

उत्तर प्रदेश के बरेली में भर्ती के लिए आए युवकों ने आईटीबीपी मुख्यालय पर जमकर हंगामा किया.
बरेली में मंगलवार को भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) की भर्ती में शामिल होने आए हजारों उम्मीदवारों ने केंद्रीय अर्धसैनिक बल के अधिकारियों पर कुप्रबंधन का आरोप लगाते हुए तोड़पोड़ और आगजनी कर पथराव किया.
पुलिस के मुताबिक आईटीबीपी की भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने के लिए विभिन्न राज्यों के उम्मीदवार बरेली के बुखारा इलाके स्थित आईटीबीपी सेंटर पहुंचे थे.
बरेली परिक्षेत्र के उप-पुलिस महानिरीक्षक प्रकाश डी ने बताया कि आईटीबीपी की चतुर्थ श्रेणी की भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेने आये उम्मीदवारों ने इंतजामों से नाराज होकर सार्वजनिक वाहनों में तोड़फोड़, आगजनी और पथराव किया. उग्र युवकों ने कई दुकानों को भी अपना निशाना बनाया.
बताया जा रहा है कि बदइंतजामी से नाराज़ युवकों ने परिवहन निगम की पांच बसों को आग के हवाले कर दिया और तमाम निजी वाहनों में भी तोड़फोड़ की. गुस्साए युवकों ने पेट्रोल पंप में भी आग लगाने की कोशिश की.
उन्होंने कहा कि उम्मीदवारों द्वारा किए जा रहे हिंसक प्रदर्शन के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की तैनाती की गई है. हालात पूरी तरह से नियंत्रण में लेकिन तनावपूर्ण हैं.
बताया जा रहा है कि आईटीबीपी में भर्ती के लिए 11 राज्यों से युवक आए हैं. उनकी शिकायत है कि आईटीबीपी ने दूर से आए अभ्यर्थियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं की है.
मालूम हो कि कुल 416 लोगों की नियुक्ति होनी थी लेकिन बड़ी तादाद में अभ्यर्थी पहुंच गए. आईटीबीपी फार्म जमा करने की होड़ को नियंत्रित नहीं कर पाया.
जिला प्रशासन का कहना है कि आईटीबीपी ने जिला प्रशासन से कोई संपर्क नहीं किया था और न ही सहयोग मांगा था.

No comments:

Post a Comment