Thursday, January 20, 2011

स्विस बैंक खातों तक पहुंचने में सरकार एक कदम दूर

जेनेवा। विदेश में जमा काले धन को लेकर जारी विवाद के बीच भारत खुफिया स्विस बैंक खातों के बारे में जानकारी हासिल करने से अब एक कदम दूर रह गया है। स्विट्जरलैंड की आर्थिक मामलों की संसदीय समिति ने भारत के साथ नई कर संधि के मसौदे को अपनी हरी झंडी दे दी है। अब इस संधि के प्रस्तावित संसोधनों को अंतिम मंजूरी के लिए स्विस संसद में पेश किया जाएगा। जहां से 'हां' होने के बाद नई कर संधि प्रभावी हो जाएगी।

संधि के क्रियान्वयन से भारत सरकार की पहुंच उन स्विस बैंक खातों तक हो सकेगी, जहां भारतीय कर चोरों ने काला धन जमा कर रखा है। इतना ही नहीं, स्विट्जरलैंड कर चोरी तथा कर धोखाधड़ी के मामलों का पता लगाने में भारत को प्रशासनिक मदद भी मुहैया कराएगा। स्विटजरलैंड की आर्थिक और कर संबंधी मामलों की संसदीय समिति [सीइएटी] ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसे भारत-स्विट्जरलैंड दोहरा कराधान संधि का दस्तावेज मिल गया है और उसने इसे नेशनल काउंसिल [स्विस संसद] को भेजा है। स्विस संसदीय वेबसाइट के अनुसार, 25 सदस्यीय सीइएटी को नई कर संधि के मसौदे का हर पहलू से परीक्षण का जिम्मा सौंपा गया था।

वित्तमंत्री प्रणब मुखर्जी तथा स्विस फेडरल काउंसिलर मिशेलिन काल्मी-रे ने दोहरा कराधान समझौते में संशोधन के लिए प्रोटोकॉल पर 30 अगस्त 2010 को हस्ताक्षर किए थे। दोनों देशों में समझौते के तहत सूचनाओं का आदान-प्रदान 1 जनवरी, 2011 से प्रभावी होना था। लेकिन इस महीने के शुरू में स्विट्जरलैंड की संघीय कर प्रशासन विभाग ने बताया कि प्रोटोकॉल को अभी प्रभावी होना है। क्योंकि उसे अभी संसद से मंजूरी नहीं मिली है।

स्विस संसदीय समिति ने यह कदम ऐसे समय उठाया है जबकि भारत सरकार पर विदेशों में जमा काले धन की जानकारी देने का दबाव बढ रहा है। सुप्रीम कोर्ट से लेकर विपक्षी दल इस बारे में सरकार पर दबाव बनाए हुए हैं।

विकिलीक्स को खातों का ब्योरा देने वाले पूर्व स्विस बैंकर पर मुकदमा:

ज्यूरिख। खुफिया दस्तावेजों को सार्वजनिक करने वाली स्वीडिश वेबसाइट विकिलीक्स को स्विस बैंक खाताधारकों के बारे में ब्योरा सौंपने वाले पूर्व बैंकर पर बुधवार को मुकदमा शुरू हो गया। पूर्व स्विस बैंकर रुडोल्फ एल्मर पर स्विट्जरलैंड के सख्त बैंकिंग गोपनीयता कानून के उल्लंघन का आरोप है।

अभियोजन की ओर से आरोप लगाया कि जुलियस बेयर बैंक से निकाले जाने के बाद एल्मर ने ग्राहकों का ब्योरा चुरा लिया। इसके बाद पूर्व बैंकर ने स्विटजरलैंड के बैंकों और उनके वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारियों को ब्लैकमेल कर धन वसूली करने की कोशिश की। अभियोजक एलेक्जेंडर बर्गमैन्न का यह भी कहना था कि ग्राहक के खातों को एल्मर ने गैरकानूनी तरीके से कर विभाग के अधिकारियों, मीडिया और अंत में जाकर विकिलीक्स को सौंप दिया।

ज्यूरिख के प्रशासनिक अदालत में बुधवार को पेश हुए एल्मर ने स्वीकार किया कि उसने कुछ बैंक अधिकारियों को धमकी भरा संदेश भेजा। लेकिन उसने यह भी कहा कि ऐसा उसने जुलियस बैंक से निकाले जाने और उसे प्रताड़ित किए जाने के बाद किया। अभियोजन एल्मर को आठ माह की सजा देने और उस पर जुर्माना लगाने की मांग कर रहे हैं। एल्मर ने सोमवार को विकिलीक्स को स्विस बैंक खाताधारकों के ब्योरे से संबंधित दो सीडी सौंपा। इसके पूर्व भी स्विस बैंक के गोपनीय दस्तावेज को विकिलीक्स के जरिए सार्वजनिक किया था। यह मुकदमा इसी सिलसिले में दर्ज किया गया है।

No comments:

Post a Comment