Thursday, January 20, 2011

तिरंगा यात्रा नहीं होने देगी सरकार

जम्मू [जागरण ब्यूरो]। जम्मू-कश्मीर सरकार ने गणतंत्र दिवस पर श्रीनगर के लाल चौक में तिरंगा फहराने के भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम को नाकाम बनाने की पूरी तैयारी कर ली है। सरकार ने पुलिस व प्रशासन को आदेश दिये हैं कि राज्य की शांति के लिए खतरा बनने वाली इस यात्रा को रोकने के लिए उचित कदम उठाए जाएं। यह फैसला गुरुवार को मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय बैठक में लिया गया। सनद रहे कि इस मामले में बुधवार को ही उमर नई दिल्ली में गृह मंत्री पी चिदंबरम और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलकर लौटे हैं।
वहीं लाल चौक में तिरंगा फहराने को लेकर भाजपा के तेवर भी कड़े हो गए हैं। प्रदेश अध्यक्ष शमशेर सिंह का कहना है कि तिरंगा फहराने के लिए भाजपा को सरकार से अनुमति लेने की जरूरत नहीं है। भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष मुनीश शर्मा ने दावा किया कि तिरंगा यात्रा में एक लाख कार्यकर्ता व युवा जुटेंगे। गौरतलब है कि भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय एकता यात्रा में हिस्सा लेने के लिए हजारों कार्यकर्ता 24 जनवरी को राज्य में प्रवेश करेंगे। जम्मू में 25 जनवरी को रैली करने के बाद उनकी लाल चौक में तिरंगा फहराने की योजना है।

No comments:

Post a Comment