Sunday, January 23, 2011

सेंचुरियन वन- डे हारा भारत


धोनी की सेना दक्षिण अफ्रीका में जीत का इतिहास रचने में नाकाम रही और 33 रनों से हार गई.
टीम इंडिया ने सेंचुरियन में सुपर स्पोर्ट मैदान पर खेले जा रहे पांचवे और आखिरी वनडे में निराशाजनक प्रदर्शन किया और दक्षिण अफ्रीका के हाथों हार गई. इसके साथ दक्षिण अफ्रीका ने पांच मैचों की वनडे सीरीज में 3-2 से जीतकर सीरीज पर कब्जा कर लिया.
टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम ने बारिश से बाधित मैच में 46 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुइस पद्धति के अनुसार भारत को 46 ओवरों में जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य दिया गया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही और एक के बाद एक उसके विकेट ताश के पत्तों की तरह गिरते गए और भारतीय पारी 234 रनों पर सिमट गई.
भारत की ओर से यूसुफ पठान को छोड़ कोई बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं सका. पठान ने रनों की आतिशी पारी खेली. पठान ने 70 गेंदों में आठ छक्के और आठ चौके लगाए. यूसुफ पठान के आने के बाद टीम इंडिया की जीत की कुछ उम्मीद जरूर जगी लेकिन 36वें ओवर में वह मॉर्केल की बॉल पर प्लेसिस के हाथों कैच आउट हो गए. उनके आउट होते ही यह उम्मीद धूमिल हो गई.
भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसके सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा पांच रन के निजी योग पर चौथे ओवर में तेज गेंदबाज लोनवाबो सोत्सोबे की गेंद पर बोल्ड होकर पेवेलियन लौट गए.
इसके बाद विराट कोहली दो रन के निजी योग पर तेज गेंदबाज मोर्न मॉर्केल की गेंद पर विकेट कीपर अब्राहम डिविलियर्स को कैच थमाकर चलते बने. कोहली का विकेट 31 के योग पर गिरा.
कप्तान महेंद्र सिंह धोनी 10 गेंदों पर एक चौके की मदद से पांच रन बनाकर मॉर्केल का शिकार हुए.
बेहतरीन लय में दिख रहे पार्थिव पटेल 38 रन बनाकर मॉर्केल की गेंद पर डू प्लेसी को कैच थमाकर चलते बने. पटेल ने 34 गेंदों पर छह चौके लगाए.
युवराज सिंह 14 गेंदों पर दो चौकों की मदद से आठ रन बनाकर पेवेलियन लौट गए. युवराज को डेल स्टेन ने ड्यूमिनी के हाथों लपकवाया. युवराज का विकेट 60 रन के कुल योग पर गिरा.
सुरेश रैना ने आठ गेंदों पर दो चौकों की मदद से 11 रन बनाए. रैना को स्टेन की गेंद पर मॉर्केल ने लपका.
हरभजन सिह ने 16 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 13 रन बनाए. हरभजन को जोहान बोथा ने ड्यूमनी के हाथों कैच करवाया.
पीयूष चावला 11 गेंदों पर एक चौके की मदद से आठ रन बनाकर रॉबिन पीटरसन की गेंद पर बोल्ड हो गए. चावला का विकेट 119 रन के योग पर गिरा.
यूसुफ पठान 70 गेंदों पर आठ चौकों और इतने ही छक्कों की मदद से 105 रन बनाकर मॉर्केल के शिकार हुए. पठान ने जहीर के साथ मिलकर नौवें विकेट के लिए 100 रन जोड़े. जहीर खान 24 रन बनाकर 41वें ओवर में आउट हुए.
दक्षिण अफ्रीका की ओर से मॉर्केल ने चार विकेट चटकाए, जबकि डेल स्टेन और सोत्सोबे के खाते में दो-दो विकेट गया.
इससे पहले, हाशिम अमला (नाबाद 116) और मोर्न वान वेक (56) की उम्दा बल्लेबाजी की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने भारत के सामने जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य रखा.
बारिश से बाधित इस मैच में यूं तो दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 250 रन बनाए लेकिन डकवर्थ लुइस पद्धति के अनुसार भारत को 46 ओवरों को जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य दिया गया.
बारिश के चलते मैच लगभग 45 मिनट बाधित रहा. बारिश के कारण कुल ओवरों में कटौती कर दी गई और मैच 46-46 ओवरों का कर दिया गया.
सलामी बल्लेबाज ग्रीम स्मिथ के रूप में अफ्रीका का पहला विकेट गिरा. वह सात रन के निजी योग पर जहीर खान की गेंद पर यूसुफ पठान के हाथों लपके गए. स्मिथ का विकेट 16 के योग पर गिरा.
मोर्न वान वेक ने 63 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 56 रन बनाए. वेक को युवराज सिंह ने अपनी गेंद पर कैच आउट किया. वेक ने दूसरे विकेट के लिए अमला के साथ मिलकर 97 रनों की साझेदारी की. अमला ने 132 गेंदों पर नौ चौके लगाए जबकि वेक ने 63 गेंदों पर आठ चौके लगाए.
अब्राहम डिविलियर्स 12 गेंदों पर एक चौके की मदद से 11 रन बनाकर युवराज की गेंद पर धोनी के हाथों स्टम्प आउट हुए.
जेपी ड्यूमिनी ने 44 गेंदों पर एक चौके की मदद से 35 रन बनाए. ड्यूमिनी को मुनाफ पटेल ने अपनी गेंद पर कैच आउट किया. ड्यूमिनी ने अमला के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 102 रनों की साझेदारी की.
इसके बाद फाफ डू प्लेसी (8), रॉबिन पीटरसन (4) और जोहान बोथा (2) ने निराश किए जबकि डेल स्टेन और मोर्न मॉर्केल बिना खाता खोले आउट हुए. लोनवाबो सोत्सोबे बिना कोई रन बनाए नाबाद लौटे.
भारत की ओर से मुनाफ पटेल ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए जबकि जहीर खान और युवराज सिंह ने दो-दो विकेट झटके.

No comments:

Post a Comment