Thursday, January 27, 2011

वनडे इतिहास का सबसे रोमांचक मैच

भाष्कर सिंह॥
बर्मिंघम के एजबस्टन ग्राउंड पर 17 जून 1999 को ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच सातवें वर्ल्ड कप का दूसरा सेमीफाइनल मैच हमेशा के लिए इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गया। पिछले 40 साल में 1,483 इंटरनैशनल वनडे मैच खेल गए, जिनमें से आईसीसी ने इस मैच को सबसे रोमांचक मैच का खिताब दिया है। महज 213 रन पर आउट होने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को भी 213 रन के स्कोर पर रोक लिया और इस तरह यह मैच टाई हो गया। इस मैच में साबित हुआ कि कैसे एक हीरो पल भर में विलेन बन जाता है।

साउथ अफ्रीका ने नौवां विकेट 198 रन पर खो दिया था। ऑलराउंडर लांस क्लूजनर ने 10वें विकेट के लिए एलन डोनाल्ड के साथ मिलकर संघर्ष किया और ताबड़तोड़ बैटिंग की, लेकिन उनके एक गलत फैसले ने डोनाल्ड को रनआउट करा दिया और साउथ अफ्रीका टूर्नामेंट से बाहर हो गया। वहीं इस मैच में स्टीव वॉ का दिमागी खेल दुनिया के सामने आया। शेन वॉर्न ने अपनी फिरकी के जादू से एक हारी बाजी जीत ली। मैच टाई हो गया, लेकिन सुपर सिक्स में साउथ अफ्रीका पर जीत हासिल करने के नाते ऑस्ट्रेलिया को फाइनल में खेलने का अधिकार हासिल हुआ।

इससे पहले टॉस जीतकर साउथ अफ्रीका के कप्तान हैंसी क्रोन्ये ने फील्डिंग करे का फैसला किया। शॉन पोलक, एलन डोनाल्ड और जाक कालिस ने ऑस्ट्रेलिया के टॉप ऑर्डर को बिखेर दिया, लेकिन स्टीव वॉ (56) और वन डे एक्सपर्ट माइकल बेवन (65) ने पांचवें विकेट के लिए 90 रन की साझेदारी करके ऑस्ट्रेलिया को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। पोलक ने पांच विकेट और डोनाल्ड ने चार विकेट झटके, जबकि पेट की मांसपेशियों की गंभीर चोट से जूझ रहे कालिस ने 10 ओवर में महज 27 रन देकर एक विकेट हासिल किया। जवाब में साउथ अफ्रीका के ओपनर और अब भारत के कोच गेरी कर्स्टन व हर्षल गिब्स ने साउथ अफ्रीका को सतर्क शुरुआत दिलाई।

स्टीव वॉ को जल्द मालूम हो गया कि उनके तेज गेंदबाज यह मैच नहीं जिता सकते। उन्होंने तुरंत 10 ओवर से ही शेन वॉर्न को एक छोर पर लगा दिया। वॉर्न ने एक ड्रीम बॉल पर गिब्स को बोल्ड किया और फिर अपने अगले ओवर में कर्स्टन को भी बोल्ड किया। वॉर्न के खाते में हैंसी क्रोन्ये, जाक कालिस के विकेट भी गए। अंत में 14 गेंदों में 31 रन की पारी खेलकर क्लूजनर ने साउथ अफ्रीका को लगभग जीत दिला ही दी थी। आखिरी ओवर में चार गेंदों पर एक रन की जरूरत थी। स्ट्राइक पर खुद क्लूजनर थे। फ्लेमिंग की गेंद उन्होंने सीधे मार्क वॉ के हाथों में खेल दी। शुरू में क्लूजनर ने रन लेने में हिचकिचाहट दिखाई मगर बाद में वह रन लेने के लिए दौड़ पड़े। इस बीच मार्क वॉ ने फ्लेमिंग को थ्रो किया, फ्लेमिंग ने देखा कि डोनाल्ड अभी आधी पिच पर भी नहीं पहुंचे हैं। उन्होंने विकेटकीपर गिलक्रिस्ट को थ्रो किया और गिली ने विकेट बिखेर दिए। इस तरह मैच टाई हो गया और साउथ अफ्रीका का मैच जीतने का सपना टूट गया।

स्कोर बोर्ड
ऑस्ट्रेलिया : एडम गिलक्रिस्ट कॉ . डोनाल्ड बो कालिस 20, मार्क वॉ कॉ . बाउचर बो पोलक 0, रिकी पॉन्टिंग कॉ . कर्स्टन बो डोनाल्ड 37, लेहमन कॉ . बाउचर बो डोनाल्ड 1, स्टीव वॉ कॉ . बाउचर बो पोलक 56, माइकल बेवन कॉ . वाउचर बो पोलक 65, टॉम मूडी एलबीडब्ल्यू बो पोलक 0, शेन वॉर्न कॉ . क्रोन्ये बो पोलक 18, रेफल बो डोनाल्ड 0, फ्लेमिंग बो डोनाल्ड , मेक्ग्रा नॉटआउट 0, अतिरिक्त 16, कुल (49.2 ओवर में 10 विकेट ) 213
विकेट पतन : 1-3, 2-54, 3-58, 4-68, 5-158, 6-158, 7-207, 8-207, 9-207, 10-213
बॉलिंग : पोलक 9.2-1-36-5, एलवर्दी 10-0-59-0, जाक कालिस 10-2-27-1, एलन डोनाल्ड 10-1-32-4, लांस क्लूजनर 9-1-50-0, क्रोन्ये 1-0-2-0

साउथ अफ्रीका : गेरी कर्स्टन बो वॉर्न 18, हर्षल गिब्स बो वॉर्न 30, कुलिनन रनआउट 6, क्रोन्ये कॉ . मार्क वॉ बो वॉर्न 0, जाक कालिस कॉ . स्टीव वॉ बो वॉर्न 53, जोंटी रोड्स कॉ . बेवन बो रेफल 43, शॉन पोलक बो फ्लेमिंग 20, लांस क्लूजनर नॉटआउट 31, मार्क बाउचर बो मैक्ग्रा 5, एलवर्दी रनआउट 1, डोनाल्ड रनआउट 0, अतिरिक्त 6, कुल (49.4 ओवर में 10 विकेट ) 213 रन
विकेट पतन : 1-48, 2-53, 3-53, 4-61, 5-145, 6-175, 7-183, 8-196, 9-198, 10-213
बॉलिंग : ग्लैन मैक्ग्रा 10-0-51-1, डेनियल फ्लेमिंग 8.4-1-40-1, रेफल 8-0-28-1, शेन वॉर्न 10-4-29-4, मार्क वॉ 8-0-37-0, टॉम मूडी 5-0-27-0

No comments:

Post a Comment