Wednesday, January 26, 2011

'उत्सव के साथ अपराधी जैसा बर्ताव न किया जाए'

वाराणसी।। बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के प्रोफेसर एवं उत्सव शर्मा के पिता एस. के. शर्मा ने कहा है कि उनके बेटे की मानसिक हालत को देखते हुए उसके साथ अपराधियों की तरह व्यवहार न किया जाए। उत्सव ने मंगलवार को गाजियाबाद की एक अदालत में आरुषि तलवार के पिता राजेश तलवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

बीएचयू में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर एस. के. शर्मा ने कहा कि उनका बेटा साल 2007 से डिप्रेशन से गुजर रहा है। इसे देखते हुए उसके साथ तलवार पर हमला करने के आरोप में अपराधियों जैसा बर्ताव न किया जाय।

शर्मा ने कहा कि वह अपने बेटे के बर्ताव से बहुत आश्चर्यचकित हैं। उन्हें यह देखने की जरूरत है कि कहीं उसने (उत्सव) अपनी दवाइयां खानी तो बंद नहीं कर दी थीं।

राजेश तलवार पर हमला करने से पहले उत्सव ने बीते साल आठ फरवरी को रुचिका गिरहोत्रा मामले के आरोपी एस. पी. एस. राठौड़ पर इसी तरह हमला किया था।

गाजियाबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रघुवीर लाल द्वारा यह कहे जाने पर कि उत्सव मानसिक रोगी नहीं प्रतीत हो रहा है... इस इस बारे में शर्मा ने कहा कि रघुवीर लाल कोई मेडिकल एक्सपर्ट नहीं हैं। हमारे पास सभी कुछ है, जिससे यह साबित हो जाएगा कि उत्सव की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।

No comments:

Post a Comment