Monday, January 31, 2011

तंग कपड़ों को लेकर मौलानाओं पर बरसीं वीना मलिक, कहा- मौत का खौफ नहीं

लाहौर.‘बिग बॉस’ और ‘स्‍पॉट फिक्सिंग’ से चर्चा में आईं वीना मलिक ने अपने भड़कीले ड्रेस की आलोचना करने वाले मौलानाओं को आड़े हाथ लिया है। हॉलीवुड स्‍टार पामेला एंडरसन की तर्ज पर तंग कपड़े और स्‍वीमिंग सूट पहनने वाली वीना ने महिलाओं को रुढिवादी पोशाक और ऑनर कि‍लिंग के ‘हौव्‍वे’ से बाहर निकलने की अपील की है।

पाकिस्‍तानी अभिनेत्री ने कहा, ‘यदि कोई महिला बुरका पहनकर सहज महसूस करती है तो उसे बुरका ही पहनना चाहिए। यदि कोई मुस्लिम महिला जीन्‍स पहनना चाहती है तो उसे जीन्‍स ही पहनना चाहिए। यह आपकी अपनी पसंद है।’

एक ऑस्‍ट्रेलियाई अखबार में प्रकाशित खबर के मुताबिक एक टॉक शो के दौरान वीना ने मौलवियों द्वारा की जाने वाली आलोचना का जमकर बचाव किया है। पाकिस्‍तान के एक मु‍फ्ती अब्‍दुल कावी ने बिग बॉस में वीना मलिक के व्‍यवहार को अनैतिक करार दिया था। मलिक ने कहा कि मौलवी उसकी इसलिए आलोचना कर रहे हैं क्‍योंकि वह एक महिला है। वीना ने कहा, ‘मैं एक मस्लिम महिला हूं और अपनी हदें जानती हूं।’

पाकिस्‍तानी अभिनेत्री ने कहा कि उनके देश में दहशत का माहौल है और पंजाब सूबे के गवर्नर सलमान तासीर की हत्‍या के बाद माहौल और भी खराब हो गया है। वीना ने कहा, ‘मैं किसी चीज से नहीं डरती हूं। चूंकि मैं एक महिला हूं इसलिए आप मुझपर आसानी से निशाना साध सकते हैं लेकिन मुझे मौत का भी खौफ नहीं है।’

महिलाओं के अधिकारों के लिए लड़ने की 'ठानते'  हुए मलिक ने कहा, ' पाकिस्तान में किसी आदमी को क्‍यों नहीं मारा जाता। क्यूं नहीं किसी आदमी के चेहरे पर तेज़ाब छिड़का जाता है। पाकिस्तान में ये सब सिर्फ महिलाओं के साथ ही क्यों होता है। हमें शिक्षा और साक्षरता दर को बढ़ाने पर ज़ोर देना चाहिए पर आज भी हम इसी बात पर ज़्यादा गौर करते हैं कि किस महिला ने परपंरागत कपड़े पहने हैं और किसने जींस पहनी हैं। इन सब चीज़ों से आगे बढ़कर हमें सोचना होगा।'

32 वर्षीय वीना मलिक इससे पहले स्पॉट फिक्सिंग और पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्‍मद आसिफ की पूर्व प्रेमिका के तौर पर चर्चा में आ चुकी हैं। पर भारत में बिग बॉस 4 की प्रतिभागी बन  वह पाकिस्तानी उदारवादियों के लिए एक चैंपियन बन गई हैं।

बिग बॉस में वीना द्वारा पहने गए शार्ट्स के दृश्य औऱ एक भारतीय अभिनेता को गले लगाने वाले दृश्य को पाकिस्तानी टीवी पर बार बार दिखाया गया जिसके चलते वहां के मौलानाओं ने वीना को कड़ी फटकार लगाई। हालांकि वीना ने कहा है कि उन्‍होंने ये दृश्‍य नहीं देखे हैं। वीना मलिक ने कहा कि यदि किसी इंसान को एक महिला पर दूसरी बार नजर डालने के लिए सजा मिलती है तो आपको (मौलाना को) भी दंडित किया जाना चाहिए। मलिक के इस जवाब को पाकिस्तानी उदारवादियों तथा सिविल सोसायटी कार्यकर्ताओं ने व्यापक समर्थन दिया है।
अस्मित के चलते वीना ने तोड़ी सगाई

वीना ने अपने मंगेतर फैसल अकबर खान से अपनी सगाई भी तोड़ दी है। फैसल अकबर खान न्यूयॉर्क में रहने वाले पाकिस्तानी बिजनेसमैन हैं। वीना ने यह कदम भारत में 'बिग बॉस-4' में भाग लेने के बाद उठाया। 'बिग बॉस-4' में वीना मलिक अस्मित पटेल के काफी नजदीक आ गई हैं।वीना और फैसल की सगाई पिछले साल अक्टूबर में तब हुई थी जब वीना मलिक का उनके दोस्त और पाकिस्तानी क्रिकेटर मोहम्मद आसिफ के साथ अलगाव हुआ था।

आपकी बात

महिलाओं के पोशाक को लेकर पाकिस्‍तान के साथ साथ भारत में भी फतवे जारी किए जाते रहे हैं। आज के दौर में महिलाओं को अपनी इच्‍छा के मुताबिक पोशाक पहनना किस हद तक जायज है? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्‍स में लिखकर दुनियाभर के पाठकों से शेयर कर सकते हैं।
Source: Agencies   |   Last Updated 11:42(31/01/11)

No comments:

Post a Comment