Thursday, January 27, 2011

टैक्स चोरों के नाम बताओ: सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली।। विदेशी बैंकों में जमा काला धन मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को जमकर फटकार लगाई। कोर्ट ने सरकार से कहा कि वह उन लोगों के नामों का खुलासा करे, जिन्होंने अपना काला धन विदेशी बैंकों में जमा कर रखा है। गुरुवार को सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से सवाल पूछा कि आखिर वह क्यों इन लोगों के नामों का खुलासा नहीं करना चाहती। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से पूछा कि वह इन पैसों के स्रोत का पता लगाने के लिए क्या कर रही है? आखिर यह पैसा कहां से आया? ड्रग्स हथियारों की तस्करी से तो नहीं आया? कोर्ट की इन तमाम सवालों ने केंद्र सरकार की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

इसके पहले सरकार ने साफ कर दिया था कि जिन भारतीयों का काला धन विदेशी बैंकों में जमा है, उनके नाम का खुलासा वह नहीं करेगी। वह इस मामले में अंतरराष्ट्रीय कानूनों और संधियों से बंधी हुई है। साथ ही विदेशी बैंकों में जमा धन को जल्द वापस लाना भी आसान नहीं है। हालांकि सरकार का कहना था कि वह काला धन वापस लाने की अपनी कोशिशों को जारी रखेगी।

काले धन पर मंगलवार को वित्त मंत्री प्रणव मुखर्जी ने पत्रकारों से कहा कि अगर सरकार ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया और संधियों की शर्तों का पालन नहीं किया तो दूसरे देश भविष्य में भारत से काले धन के मामले में सहयोग नहीं करेंगे। विदेशों बैंकों से जुड़े भारतीयों के नाम का खुलासा तभी किया जा सकता है कि जब इनकम टैक्स विभाग अपनी पूरी जांच करने के बाद इनके खिलाफ मामला दायर कर चुका हो।

No comments:

Post a Comment