Sunday, January 23, 2011

नेताजी को नहीं मिला उचित सम्मान: मूर्ति


कोलकाता। सॉफ्टवेयर कंपनी इंफोसिस के संस्थापक एन.आर. नारायण मूर्ति ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस को उचित सम्मान देने में नाकाम रहने के लिए देश के राजनीतिक नेतृत्व की आलोचना की है।
मूर्ति ने नेताजी की जयंती पर रविवार को यहां आयोजित एक समारोह में कहा, 'हमने नेताजी को उचित सम्मान नहीं दिया। यह तो समय है जिसने इस भूल का सुधार कर दिया। मुझे यह जानकर सदमा लगा कि दिल्ली में नेताजी के नाम पर एक भी महत्वपूर्ण मार्ग नहीं है। मैं उम्मीद करता हूं कि प्रधानमंत्री इस भूल का सुधार करेंगे।'
नेताजी को अपने समय का सबसे साहसी नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में भारत दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनता। उन्होंने कहा कि नेताजी स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत के नवनिर्माण में जवाहर लाल नेहरू, सरदार वल्लभ भाई पटेल और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ होते तो आज भारत का भाग्य कुछ और होता।
इस समारोह में शिरकत कर रहे पश्चिम बंगाल के राज्यपाल एम.के. नारायणन ने कहा कि नेताजी के जन्मदिवस 23 जनवरी को 'देशप्रेम दिवस' के रूप में मनाया जाना चाहिए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

No comments:

Post a Comment