Wednesday, January 19, 2011

महंगाई के मुद्दे पर सोनिया गांधी को समन

चंडीगढ़ [जागरण संवाददाता]। आम आदमी की कमर तोड़ देने वाली महंगाई का मुद्दा अब अदालत पहुंच गया है। चंडीगढ़ के दीवानी न्यायाधीश अंशुल बेरी ने इस मुद्दे पर बुधवार को संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के नाम समन जारी किया। गांधी को सात अपै्रल को व्यक्तिगत तौर पर या अपने वकील के माध्यम से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।

वकीलों की मानवाधिकार संस्था ग्लोबल ह्यूंमन राइट्स काउंसिल के चेयरमैन अरविंद ठाकुर की याचिका पर अदालत ने यह आदेश दिया। याचिका में कहा गया है कि बढ़ती महंगाई के चलते आम आदमी अपनी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा नहीं कर पा रहा है। खाद्य पदार्थ भी आम आदमी की पहुंच से दूर हो रहे हैं। झुग्गी झोपड़ी में रहने वाले गरीब मजदूर नमक मिले पानी के साथ चावल खाने को मजबूर हैं।

महंगाई के कारण एक सप्ताह में मुद्रास्फीति की दर में भी बीस फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। याचिका के जरिए अदालत से गुहार लगाई गई है कि वह केंद्र में सत्तारूढ़ पार्टी को मूल्यवृद्धि और मुद्रास्फीति पर नियंत्रण करने का निर्देश दे। दीवानी न्यायाधीश बेरी ने कहा कि सोनिया गांधी के पेश नहीं होने की स्थिति में वाद पर सुनवाई की जाएगी और उनकी अनुपस्थिति में ही निर्णय सुनाया जाएगा।

No comments:

Post a Comment