गुड़गांव। गुड़गांव की सिटी बैंक शाखा में हुए तीन सौ करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी [अंतरराष्ट्रीय] विक्रम पंडित और दस अन्य अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इस मामले में निवेशकों को 18 प्रतिशत ब्याज का लालच देकर धन जमा करवाया गया। इसके बाद उसे अन्य खातों में स्थानांतरित करके शेयर बाजार में लगा दिया गया। इस मामले में पुलिस बैंक के मैनेजर [रिलेशनशिप] शिवराज पुरी और हीरो ग्रुप के एसोसिएट उपाध्यक्ष संजय गुप्ता को गिरफ्तार करके पूछताछ कर रही है।
मुकदमा दर्ज कराने वाले निवेशक संजीव अग्रवाल ने सिटी बैंक के चेयरमैन विलियम आर रोड्स, मुख्य वित्तीय अधिकारी जॉन जरस्पेच, मुख्य ऑपरेशनल ऑफीसर डगलस पीटरसन सहित भारत में कार्यरत शीर्ष अधिकारियों को नामजद किया है। उल्लेखनीय है कि विक्रम पंडित अप्रवासी भारतीय हैं। गुड़गांव के पुलिस आयुक्त एसएस देसवाल ने इसकी पुष्टि की है। गुड़गांव निवासी अग्रवाल ने सिटी बैंक के अधिकारियों पर विश्वास तोड़ने, खाते के बारे में गलत जानकारी देने, धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश के मामले दर्ज कराए हैं। यह मुकदमा 32.43 करोड़ रुपये के निवेश की बाबत किया गया है।
इस बीच सिटी बैंक में निवेश करने वाले कई लोगों ने अपना धन निकालकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की शिकायत पुलिस से की है। इस सिलसिले में पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवराज पुरी के पिता रघुराज पुरी और उनकी पत्नी को पूछताछ के लिए बुलाया था। लेकिन वे अभी तक नहीं आए हैं।
No comments:
Post a Comment