Monday, March 14, 2011

जापान में तीसरे रिएक्टर में विस्फोट, विकिरण का खतरा बढ़ा

टोक्यो. फुकुशिमा ऐटमी प्लांट में तीसरे ब्लास्ट से जापान में परमाणु विकिरण का ख़तरा बढ़ता जा रहा है। ताज़ा मामले में फुकुशिमा दायिची ऐटमी प्लांट नंबर 1 के रिएक्टर नंबर 2 में विस्फोट होने की ख़बर है। इससे पहले पहले जापान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी से ऐटमी प्लांट में हो रहे विस्फोट को रोकने के लिए मदद की मांग की है।

ताज़ा विस्फोट भारतीय समय के मुताबिक सुबह 6:10 बजे हुआ। टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कॉरपोरेशन (टेपको) ने इस बाबत जानकारी दी है कि धमाका रिएक्टर के कंटेनमेंट वेसेल के सप्रेशन पूल में हुआ है। पूल में खराबी आने की बात भी सामने आई है। जापान के प्रधानमंत्री नाओतो कान ने यह माना है कि जापान में परमाणु प्लांट में विस्फोट की वजह से विकिरण का स्तर बढ़ रहा है।

इससे पहले सोमवार को फुकुशिमा ऐटमी प्लांट के पहले और तीसरे रिएक्टर में विस्फोट हो चुके हैं। गौरतलब है कि शुक्रवार को जापान के उत्तर-पूर्व इलाके में आए भूकंप और सूनामी के चलते हजारों लोग मारे गए हैं या लापता हैं। मंगलवार की सुबह तक करीब 2414 लोगों की मौत होने की पुष्टि हो चुकी है। जबकि करीब 72 हजार इमारतें या घर इस तबाही में बर्बाद हो गए।

प्रकृति की यह आपदा जापान के फुकुशिमा में मौजूद परमाणु संयंत्रों लिए भी खतरनाक साबित हुई है। इन संयंत्रों में बिजली की सप्लाई ठप होने के चलते कूलिंग का काम नहीं हो पा रहा है। जापान के इवाकी क्षेत्र से पांच सदस्यों का एक भारतीय परिवार भी 11 मार्च से ही लापता बताया जा रहा है। 13 साल से जापान में रह रहे नरिंदर कुमार, उनकी पत्नी और तीन बच्चों का कुछ पता नहीं चल रहा है।

No comments:

Post a Comment